भोपाल में लिव-इन पार्टनर की गला घोंटकर हत्या, नशे में दोस्त के सामने उगल दिया सच

भोपाल मर्डर

Live in Partner Murder Bhopal: भोपाल के बजरिया थाना क्षेत्र से एक चौकाने वाला मर्डर केस सामने आया है, जिसने शहर में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। एक युवक ने अपनी लिव-इन पार्टनर की गला घोंटकर हत्या कर दी और उसका शव चादर में लपेटकर घर में ही छोड़ दिया। चार दिन बाद इस हत्या का खुलासा तब हुआ जब आरोपी ने शराब के नशे में अपने दोस्त के सामने कत्ल की बात कबूल कर ली।

3 साल से रह रहे थे साथ

घटना 27 जून की है। मृतका की पहचान 29 वर्षीय रितिका सेन के रूप में हुई है, जो बीते साढ़े तीन वर्षों से आरोपी सचिन राजपूत के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की रात रितिका और सचिन के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई फिर झगड़ा हुआ, जिसके बाद सचिन ने गुस्से में आकर रितिका का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।

नशे की हालत में दोस्त के सामने उगला सच

हत्या के बाद आरोपी ने शव को एक चादर में लपेटा, रस्सी से बांधा और उसे उसी किराए के घर में छोड़कर भाग निकला। सचिन सीधे अपने दोस्त के पास गया और उसके साथ शराब पीने बैठ गया। नशे की हालत में उसने अपने दोस्त को रितिका की हत्या की बात बता दी, लेकिन दोस्त को उस वक्त इस पर यकीन नहीं हुआ।

दोस्त ने दी पुलिस को जानकारी

अगले दिन जब सचिन को होश आया, तो उसने फिर से अपने दोस्त को पूरी घटना की जानकारी दी। इस बार दोस्त ने गंभीरता को समझते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने आरोपी सचिन राजपूत को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस को गायत्री नगर स्थित किराए के मकान से रितिका का शव बरामद हुआ।

पुलिस कर रही मामले की तहकीकात

पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से कई अहम सबूत बरामद किए गए हैं। शव चार दिन पुराना होने की वजह से उसमें सड़न शुरू हो गई थी। फिलहाल, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और केस की गहन जांच की जा रही है।पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि हत्या की वजह और बाकी सभी पहलुओं की पूरी जानकारी सामने लाई जा सके।