श्री खाटू श्याम मंदिर में तीन दिवसीय श्री खाटू श्याम बाबा का वार्षिक उत्सव धूमधाम से मनेगा। पांच जुलाई से शुरू हो रहे उत्सव में बाबा की निशान यात्रा और महा आरती पहले दिन होगी। छह को सुबह नौ बजे दुग्धाभिषेक श्री श्याम नाम संकीर्तन की अमृत वर्षा, भजन गायक सुनील शर्मा एवं जान्हवी शर्मा द्वारा सुंदर भजन प्रस्तुत होंगे। श्री खाटू श्याम सेवा न्यास की सदस्य राखी परमार ने बताया कि यह कार्यक्रम हर साल बड़ी ही धूमधाम से मनाया जाता है। हजारों की संख्या में भक्त पधारते हैं और बाबा के दर्शन का लाभ लेते हैं। बाबा के आशीर्वाद से भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। दिल्ली की प्रसिद्ध भजन गायिका साक्षी चोपड़ा द्वारा सात जुलाई को बाबा के भजन प्रस्तुत कर भक्तों को प्रसादी वितरण किया जाएगा।
मोक्ष कल्याणक दिवस पर झिरनो मंदिर में हुए आयोजन
भोपाल शहर के विभिन्न जिनालयों में बुधवार को भगवान नेमिनाथ का मोक्ष कल्याणक दिवस मनाया गया। श्री दिगंबर जैन पंचायत एवं ट्रस्ट की ओर से मुख्य आयोजन झिरनो मंदिर में रखा गया। जिनालय प्रांगण में सुबह छह बजे से धार्मिक अनुष्ठान शुरू किए गए, जो तेज वर्षा होने पर भी नहीं रुके। जैन धर्म के 22वें तीर्थंकर भगवान नेमिनाथ के मोक्ष कल्याणक में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। लोगों ने 400 वर्ष प्राचीन भगवान की मूर्ति पर स्वर्ण कलश से अभिषेक और शांतिधारा की। यहां मुनि विनंद सागर महाराज ने प्रवचन दिए। उन्होंने कहा कि हमें भी ‘अपने जीवन में मोक्ष प्राप्त करना चाहिए। यदि आप शांति एवं सुख चाहते हो तो मोक्ष के मार्ग पर अपने कदम उठाने चाहिए।