एक्टिव मोड में खंडेलवाल, इंदौर में आज नए अध्यक्ष के सामने विधायकों का पॉवर शो

प्रदेश भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने अब जिलों के दौरे शुरू कर दिए हैं, रविवार को वे अपने गृह जिले बैतूल गए थे, वहीं सोमवार को वे इंदौर पहुंच रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार इंदौर पहुंच रहे खंडेलवाल का एतिहासिक स्वागत करने की तैयारी भाजपा ने कर ली है। विधायक भी यहां पर अपनी ताकत दिखाएंगे, इसके चलते ही कार्यक्रम स्थल पर विधानसभा क्षेत्र अनुसार कार्यकर्ताओं की बैठक व्यवस्था की गई है। अध्यक्ष के स्वागत के लिए हर विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता अभिवादन करेंगे। खंडेलवाल ने अध्यक्ष का पदभार ग्रहण करने के बाद अब जिलों की ओर रूख कर लिया है। वे सबसे पहले उज्जैन गए थे, इसके बाद वे बैतूल गए, सोमवार को वे इंदौर पहुंच रहे हैं। खंडेलवाल भोपाल से सीधे खजराना मंदिर पहुंचेंगे। जहां पर पूजा अर्चना करने के बाद वे रिंग रोड स्थित पीपल्याराव गुरुद्वारा जाएंगे। यहां पर मत्था टेकेंगे और एक पेड़ मां के नाम रौपेंगे। इसके बाद यहां से रैली की शक्ल में वे कार्यक्रम स्थल जाएंगे।

अंत में वे कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम स्थल पर हर विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के बैठने की अलग-अलग व्यवस्था की गई है। स्वागत के लिए हर क्षेत्र से बारी बारी से तालियां बजाई जाएंगी। इससे यह माना जा रहा है कि किस विधानसभा क्षेत्र से ज्यादा कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हुए हैं, यह बताने का प्रयास है।

जिला कार्यालय भी जा सकते हैं

यह भी चर्चा है कि खंडेलवाल जिला भाजपा के कार्यालय भी जा सकते हैं। हालांकि अब तक उनका यहां पर आने का कार्यक्रम नहीं हैं, लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि जिले के प्रमुख नेताओं से बातचीत करने के लिए रात आठ बजे के बाद वे यहां पर पहुंच सकते हैं और इंदौर के प्रमुख नेताओं, विधायकों से यहा अलग से मुलाकात कर, जिले में संगठन की स्थिति जानेंगे।