ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका से छीना नंबर-1 का ताज: WTC पॉइंट्स टेबल में भारतीय टीम ने खोला खाता, चौथे स्थान पर पहुंची

WTC points table: शुभमन गिल की अगुआई वाली टीम इंडिया ने एजबेस्टन टेस्ट में मेजबान इंग्लैंड को बुरी तरह रौंदकर 5 मैच की टेस्ट सीरीज में ना सिर्फ 1-1 की बराबरी की, बल्कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) 2025-27 में जीत का खाता भी खोला है। दूसरे टेस्ट में भारत ने इंग्लैंड को 336 रनों से धूल चटाकर बर्मिंघम में 58 साल में पहला टेस्ट जीता।

इस जीत के बाद टीम इंडिया डब्ल्यूटीसी पॉइंट्स टेबल में आॅस्ट्रेलिया, श्रीलंका और इंग्लैंड के बाद चौथे पायदान पर है। लीड्स टेस्ट हारने की वजह से भारत के खाते में 50 प्रतिशत अंक ही है। वहीं आॅस्ट्रेलिया ने अपने दूसरे मुकाबले में वेस्टइंडीज को एक बार फिर हरा पॉइंट्स टेबल में बाजी मार ली है। कंगारुओं ने श्रीलंका से नंबर-1 का ताज छीन लिया है। आॅस्टेÑलिया का 24 अंक के साथ जीत का प्रतिशत 100 है। बात भारतीय टीम की करें तो, टीम इंडिया ने डब्ल्यूटीसी 2027 के नए चक्र में अभी तक दो ही मैच खेले हैं। लीड्स में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा था, वहीं एजबेस्टन में भारत ने तिरंगा लहराया है। एक जीत और एक हार के साथ भारत का जीत का प्रतिशत 50 का है। इंग्लैंड तीसरे पायदान पर है। श्रीलंका के खाते में 16 अंक है और उनका जीत का प्रतिशत 66.67 का है। बांग्लादेश 16.67 अंकों के साथ भारत के बाद पांचवें पायदान पर है, वहीं लगातार दो मैच हारकर वेस्टइंडीज 6ठे नंबर पर है।

गिल ने ‘ड्यूक्स बॉल’ की आलोचना की, कहा गेंदबाजों के लिए पिचों में कुछ होना चाहिए

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने ‘ड्यूक्स’ गेंद की तेजी से बिगड़ती प्रकृति की आलोचना की और अपनी व्यक्तिगत उपलब्धियों के बावजूद श्रृंखला के पहले दो टेस्ट मैच में मिली सपाट पिचों के चलन को भी नकार दिया। उनका मानना है कि पिचों में गेंदबाजों के लिए कुछ होना चाहिए। ड्यूक्स की गुणवत्ता भी मदद नहीं कर रही है और 30 ओवर के बाद ‘सॉफ्ट’ गेंदें टीमों को आक्रामक होने के लिए मजबूर कर रही हैं। उन्होंने कहा, हम देखेंगे कि वे लॉर्ड्स को किस तरह का विकेट दे रहे हैं। मुझे नहीं लगता कि वे इतना सपाट विकेट देंगे। हम वहां जाएंगे और देखेंगे कि यह किस तरह का विकेट है और तय करेंगे कि सबसे अच्छा संभव संयोजन क्या है।

तीसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड की टीम का ऐलान, एटकिंसन को मिली जगह

इंडिया वर्सेस इंग्लैंड 5 मैच की टेस्ट सीरीज का तीसरा और अहम मुकाबला 10 जुलाई से क्रिकेट का मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स के मैदान पर खेला जाना है। इस मैच के लिए टीम ने अपने स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है। इंग्लिश टीम में तेज गेंदबाज गस एटकिंसन को स्क्वॉड में जोड़ा गया है। इसके अलावा इंग्लैंड ने कोई बदलाव नहीं किया। 12 टेस्ट मैच खेलने वाले एटकिंसन ने इंग्लैंड के लिए आखिरी मुकाबला मई में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेला था। एटकिंसन के आने से इंग्लैंड के बॉलिंग अटैक को और मजबूती मिलेगी।

भारत के खिलाफ तीसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड की टीम: बेन स्टोक्स (कप्तान), जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, शोएब बशीर, जैकब बेथेल, हैरी ब्रुक, ब्रायडन कार्स, सैम कुक, जैक क्रॉली, बेन डकेट, जेमी ओवरटन, ओली पोप, जो रूट, जेमी स्मिथ, जोश टंग, क्रिस वोक्स।