Rewa Regional Tourism Conclave: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को दो दिवसीय रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव का शुभारंभ करेंगे। इस दो दिवसीय रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव में प्रदेश के पर्यटन क्षेत्र को सशक्त करने वाले कई महत्वपूर्ण निर्णय, निवेश प्रस्ताव, डिजिटल नवाचार और सांस्कृतिक साझेदारियां सार्वजनिक की जाएंगी। वाइल्डलाइफ और आॅफबीट डेस्टिनेशनों पर केंद्रित इस आयोजन में राज्य को पर्यटन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने और स्थानीय समुदाय को पर्यटन की मुख्यधारा से जोड़ने प्रभावशाली पहल होगी। रीवा में इस रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल और पर्यटन राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, अभिनेता मुकेश तिवारी और पंचायत वेबसीरीज की अभिनेत्री सान्विका सिंह उपस्थित रहेंगे। प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति तथा प्रबंध संचालक मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड शिव शेखर शुक्ल ने बताया कि मध्यप्रदेश में पर्यटकों की संख्या में वृद्धि के साथ साथ पर्यटन व्यवसायियों, टूर आॅपरेटर्स और होटल इंडस्ट्री के बीच सहयोग और साझेदारी को बढ़ाने तथा मध्यप्रदेश में आने वाले पर्यटकों की संख्या में वृद्धि तथा विंध्य क्षेत्र की पर्यटन क्षमताओं को पहचानते हुए राज्य में पर्यटन निवेश को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव का आयोजन किया जा रहा है।
विंध्य के वैभव को मिलेगा नया आयाम
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा कि रीवा में आयोजित मध्यप्रदेश रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव से विंध्य के वैभव को मिलेगा नया आयाम। इसमें निवेशक, पर्यटन व्यवसायी, टूर आॅपरेटर्स, होटल इंडस्ट्री के हितधारक सहभागिता करेंगे। कॉन्क्लेव में देशभर से टूरिज्म एक्सपर्ट्स, निवेशक, ब्लॉगर्स, टूर आॅपरेटर्स, पॉलिसी मेकर्स और होटल इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स आएंगे और पर्यटन व्यवसायियों, टूर आॅपरेटर्स व होटल इंडस्ट्री के बीच साझेदारियों को बढ़ावा मिलेगा।
पहले सत्र में सौंपेंगे लेटर आॅफ अवार्ड
कॉन्क्लेव के पहले सत्र में प्रखर पाव द्वारा मंदसौर में ईको-टूरिज्म गतिविधियों और धार में मिनी रिसोर्ट की स्थापना की योजना है। गांधी सागर क्षेत्र में ईको टूरिज्म के लिए 1 करोड़ रुपये की राशि का निवेश किया जाएगा। धार जिले के हेमाबर्डी क्षेत्र में फिक्सड टेंटिंग यूनिट, मिनी रिसोर्ट के लिए भी 1 करोड़ रुपये का निवेश का प्रस्ताव है। सिद्धार्थ सिंह तोमर रायसेन में होटल, रिसोर्ट के लिए 5 करोड़ का निवेश करेंगे। कैलाश फुलवानी विदिशा में रिसोर्ट के लिए 3 करोड़, रितु यादव, अफोर्ड मोटर्स जबलपुर द्वारा भेड़ाघाट के समीप होटल, रिसोर्ट और आनंद ताम्रकार, पुष्पा इंटरप्राइजेस द्वारा अलीराजपुर में रिसोर्ट एवं वेलनेस सेंटर के लिए निवेश प्रस्ताव प्रस्तुत करेंगे।
टूरिज्म में निवेश के साथ होमस्टे और स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग
- होटल, रिसोर्ट और ईको-टूरिज्म में निवेश के लिए 6 निवेशकों को लेटर आॅफ अवॉर्ड
- 6 जिलों धार, मंदसौर, रायसेन, विदिशा, जबलपुर, अलीराजपुर में टूूरिज्म को गति
- 61 पर्यटन ग्रामों के ग्राम होमस्टे अब डिजिटल बुकिंग प्लेटफार्म से जुड़ेंगे
- डिजिटल प्रचार-प्रसार के लिए एमओयू साइन
- चित्रकूट घाट में स्प्रिचुअल एक्सपीरियंस परियोजना का वर्चुअल शिलान्यास
- शहडोल में फूड क्राफ्ट इंस्टीट्यूट का उद्घाटन, युवाओं को मिलेगा हॉस्पिटैलिटी प्रशिक्षण
- मंडला, डिंडोरी, सिंगरौली, सीधी और सिवनी में हस्तशिल्प केंद्र की स्थापना
- स्थानीय रोजगार, सांस्कृतिक साझेदारी और पर्यटन निवेश को प्रोत्साहन
- पीएम श्री पर्यटन वायु सेवा की बुकिंग अब कफउळउ पोर्टल से भी