1 अगस्त से बदल गए ये नियम: अब एक दिन में सिर्फ इतनी बार चेक कर पाएंगे UPI बैलेंस, सस्ता हुआ सिलेंडर; SBI कार्ड पर नहीं मिलेगा फ्री इंश्योरेंस

अगस्त महीने की शुरुआत के साथ ही आम जनता से जुड़े तीन अहम नियम बदल गए हैं, जिनका सीधा प्रभाव उनकी रोजमर्रा की जिंदगी और आर्थिक स्थिति पर पड़ेगा. ये बदलाव डिजिटल पेमेंट, एलपीजी सिलेंडर की कीमतें और क्रेडिट कार्ड के उपयोग से संबंधित हैं. आइए इन नए नियमों को विस्तार से समझते हैं.

यूपीआई से जुड़े नए नियम

1 अगस्त 2025 से यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) के इस्तेमाल से जुड़े कुछ नियमों में बदलाव किया गया है. अब यूजर्स एक दिन में अधिकतम 50 बार ही बैंक बैलेंस चेक कर पाएंगे. यदि किसी उपयोगकर्ता ने यूपीआई से एक बैंक खाता लिंक किया है, तो उस खाते का बैलेंस केवल 25 बार प्रतिदिन देखा जा सकेगा. इसके साथ ही, यूपीआई के जरिए होने वाली ऑटोमेटिक शेड्यूल पेमेंट्स, जैसे कि सब्सक्रिप्शन और ईएमआई, के नियमों में भी बदलाव किया गया है. अब इन्हें तीन अलग-अलग समय-स्लॉट में शेड्यूल किया जा सकेगा, ताकि एक ही समय पर पूरे सिस्टम पर अत्यधिक दबाव न पड़े.

कम हुए कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम

रक्षा बंधन से पहले उपभोक्ताओं के लिए एक राहत भरी खबर आई है. 1 अगस्त से कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 33.50 रुपये की कटौती की गई है. पिछले महीने भी कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में कमी देखी गई थी. इस बदलाव से रेस्तरां, होटल और छोटे व्यापारियों को सीधा फायदा मिलेगा, लेकिन घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं हुआ है.

एसबीआई क्रेडिट कार्ड पर फ्री एयर इंश्योरेंस खत्म

अगर आप स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के को-ब्रांडेड क्रेडिट कार्ड जैसे प्राइम, प्लेटिनम या एलीट का इस्तेमाल करते हैं, तो यह बदलाव आपके लिए महत्वपूर्ण है. 11 अगस्त 2025 से इन कार्डों पर मिलने वाला मुफ्त हवाई यात्रा बीमा (फ्री एयर इंश्योरेंस) बंद कर दिया जाएगा. अभी तक इन कार्डों पर 50 लाख रुपये से लेकर 1 करोड़ रुपये तक का फ्री एयर इंश्योरेंस उपलब्ध था. इन नए नियमों का असर डिजिटल पेमेंट करने वालों, व्यापारियों और एसबीआई कार्ड धारकों पर पड़ने की संभावना है. उपभोक्ताओं को सलाह दी जाती है कि वे इन बदलावों के अनुसार अपनी वित्तीय योजनाएं और खर्च का प्रबंधन करें.