भोपाल:भोपाल के बागसेवनिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने बुधवार को एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया, जिसने मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर दोस्ती कर दो तलाकशुदा महिलाओं से दुष्कर्म और करीब 80 लाख रुपये की ठगी की। आरोपी की पत्नी भी इस पूरे फरेब में शामिल बताई जा रही है, लेकिन उसकी गिरफ्तारी अभी नहीं हुई है।
स्टील फैक्ट्री मालिक बनकर रचा जाल, पत्नी को माँ बताकर बनाया भरोसा
आरोपी ने मैट्रिमोनियल साइट पर तलाकशुदा होने का झूठा दावा किया और खुद को छत्तीसगढ़ में स्टील फैक्ट्री का मालिक बताया। महिलाओं को भरोसे में लेकर उसने न केवल उनसे संबंध बनाए, बल्कि उनकी आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल भी किया।
गिरफ्तार आरोपी का नाम अविनाश प्रजापति है। उसकी पत्नी चंद्रिका इस धोखाधड़ी में शामिल थी। मामला भोपाल के बागसेवनिया थाना क्षेत्र का है। आरोपी ने दोनों पीड़िताओं से अलग-अलग समय पर दोस्ती की। आरोपी ने महिलाओं से अलग-अलग स्थानों पर मुलाकात और संबंध बनाए। पहली पीड़िता, जो अवधपुरी की बैंक क्लर्क है, से आरोपी ने दिसंबर 2024 में संपर्क साधा। वहीं दूसरी पीड़िता, अशोका गार्डन की ब्यूटीशियन है, जिससे उसने अप्रैल 2025 में दोस्ती की। अगस्त 2025 तक आरोपी ने दोनों महिलाओं से बार-बार संबंध बनाए और ठगी की वारदात को अंजाम दिया।।
आरोपी का मकसद महिलाओं को भरोसे में लेकर उनसे पैसे और गहने हड़पना था। शादी का झांसा देकर उसने उन्हें ब्लैकमेल किया और बार-बार रकम मांगी।
आरोपी ने पहली महिला से करीब 40 लाख रुपये और गहने ऐंठ लिए। जब महिला ने शादी के लिए दबाव बनाया तो उसने इंकार कर दिया, जिससे आहत होकर महिला ने आत्महत्या करने की कोशिश तक की। इसी तरह दूसरी महिला से भी आरोपी ने लगभग 40 लाख रुपये हड़प लिए।
पुलिस की कार्रवाई
दोनों महिलाओं ने मिलकर 2 सितंबर को शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद एफआईआर दर्ज हुई। बागसेवनिया थाना प्रभारी अमित सोनी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पत्नी चंद्रिका की तलाश जारी है।
यह मामला न केवल महिलाओं से ऑनलाइन ठगी और दुष्कर्म की गंभीर वारदात को उजागर करता है, बल्कि यह भी दिखाता है कि साइबर प्लेटफॉर्म पर झूठी पहचान के जरिए किस तरह अपराधी लोगों को जाल में फंसा रहे हैं।