मुंबई: मुंबई पुलिस ने शुक्रवार को एक धमकी भरे कॉल के बाद हाई अलर्ट जारी कर दिया है। ट्रैफिक पुलिस हेल्पलाइन पर आए इस कॉल में दावा किया गया है कि 34 गाड़ियों में 34 ‘मानव बम’लगाए गए हैं, जिनमें 400 किलो RDX है। कॉल करने वाले ने धमकी दी है कि इससे पूरे शहर को दहला दिया जाएगा और एक करोड़ लोगों की जान जाएगी।
धमकी में क्या कहा गया?
पुलिस ने बताया कि यह धमकी अनंत चतुर्दशी की पूर्व संध्या पर ‘लश्कर-ए-जिहादी’ नामक एक संगठन ने दी है। इस कॉल के बाद पूरे राज्य में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस ने हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखनी शुरू कर दी है।
हाल ही में मिलीं और भी धमकियाँ
पुलिस ने कहा कि हाल के दिनों में इस तरह की कई धमकियां मिली हैं, जो बाद में फर्जी निकलीं।
थाने रेलवे स्टेशन:सोमवार को महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक रेलवे स्टेशन को उड़ाने की धमकी देने के आरोप में 43 वर्षीय रूपेश मधुकर रणपिसे को गिरफ्तार किया गया था।
इस्कॉन मंदिर: अगस्त में दक्षिण मुंबई के गिरगांव इलाके में स्थित इस्कॉन मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी वाला एक ईमेल मिला था, जो जांच के बाद झूठा पाया गया था। सितंबर में भी मंदिर को इसी तरह का एक और ईमेल मिला था।
मुंबई एयरपोर्ट:25 जुलाई को मुंबई पुलिस को छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (CSMIA)के टर्मिनल 2 पर बम धमाके की धमकी मिली थी, लेकिन जांच में वहाँ कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।