मध्य प्रदेश में भारी बारिश का कहर जारी, इन जिलों के लिए तेज बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश: मध्य प्रदेश में पिछले एक हफ्ते से हल्की से लेकर तेज बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। कई इलाकों में भारी जलभराव के कारण बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। जहां एक ओर इंदौर की कई कॉलोनियां पानी में डूब गई हैं, वहीं उज्जैन की शिप्रा नदी खतरे के निशान के करीब पहुंच गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए कई जिलों में भारी से लेकर अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों के लिए मौसम विभाग का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में दो तरह के अलर्ट जारी किए गए हैं:

ऑरेंज अलर्ट: रतलाम, झाबुआ और अलीराजपुर में अति भारी बारिश की संभावना है। यहां अगले 24 घंटों में साढ़े 8 इंच तक बारिश का अंदेशा है।

येलो अलर्ट: नीमच, मंदसौर, इंदौर, उज्जैन, धार, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, देवास, राजगढ़, गुना, बैतूल, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों में ढाई से साढ़े चार इंच तक बारिश का अनुमान है।

मौसम विशेषज्ञों ने बताया है कि मध्य प्रदेश में एक साथ चार मजबूत मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं, जिसके कारण राज्य भर में लगातार बारिश हो रही है। इसी वजह से अगले दो दिनों तक भी तेज बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान है।