चौंकाने वाला मामला: चाची ने नाबालिग भतीजे का किया यौन उत्पीड़न, झूठा रेप केस भी दर्ज कराया; गिरफ्तार

बीकानेर: बीकानेर में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने नाबालिग भतीजे का यौन उत्पीड़न करने के आरोप में चाची को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला ने अपने कुकर्म को छिपाने और नाबालिग को डराने के लिए उल्टा उस पर ही झूठा रेप केस दर्ज करा दिया था।

पुलिस की जांच में महिला की पूरी कहानी झूठी निकली, जिसके बाद उसे पॉक्सो कोर्ट में पेश किया गया और जेल भेज दिया गया।

चाची ने पहले दर्ज कराया झूठा रेप केस

नापासर थानाधिकारी लक्ष्मण सुथार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि 24 वर्षीय विवाहित महिला नाबालिग भतीजे का यौन शोषण करती थी। जब कुछ समय बाद नाबालिग ने महिला के पास जाने से इनकार कर दिया, तो नाराज आरोपी चाची ने उसे धमकाने और डराने के लिए उस पर रेप का झूठा केस दर्ज करा दिया।

आरोपी महिला ने यह झूठा केस जिले के नाल थाना में दर्ज कराया था। पुलिस की शुरुआती जांच में ही महिला की कहानी झूठी साबित हुई।

नाबालिग के माता-पिता ने दर्ज कराया यौन उत्पीड़न का केस

जांच के दौरान, 25 सितंबर को नाबालिग के माता-पिता ने नापासर थाना में आरोपी चाची के खिलाफ यौन उत्पीड़न का केस दर्ज कराया। नाबालिग के परिजनों ने महिला पर यौन शोषण के साथ ही रुपए और मोबाइल छीनने का भी आरोप लगाया है। आरोपी महिला और पीड़ित नाबालिग आपस में चाची-भतीजा हैं।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत केस दर्ज कर महिला को गिरफ्तार कर लिया।