अमेरिका: टेनेसी में विस्फोटक फैक्ट्री में भीषण धमाका, 18 लोग मृत या लापता

अमेरिका के टेनेसी राज्य में शुक्रवार सुबह एक जबरदस्त विस्फोट ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। यह हादसा Accurate Energetic Systems नामक कंपनी की फैक्ट्री में हुआ, जो सैन्य और विध्वंस कार्यों के लिए विस्फोटक सामग्री बनाती है। धमाके की तीव्रता इतनी थी कि आसपास के घरों की दीवारें हिल गईं और कई मील दूर तक लोग सहम गए।

15 मील तक गूंजा धमाका

यह विस्फोट सुबह लगभग 7:45 बजे हुआ। धमाके से आसपास के मकानों की खिड़कियां चकनाचूर हो गईं और मलबा आधा मील के दायरे में बिखर गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्हें लगा जैसे उनका घर ढह गया हो। कुछ लोगों ने इसे भूकंप समझा, तो कुछ को बिजली गिरने का भ्रम हुआ।

18 लोगों की स्थिति अनिश्चित

हंफ्री काउंटी के शेरिफ क्रिस डेविस ने बताया कि इस हादसे में कई लोगों की जान चली गई है, हालांकि मौतों की सटीक संख्या अभी स्पष्ट नहीं है। शुरुआत में 19 लोग लापता बताए गए थे, लेकिन बाद में एक व्यक्ति अपने घर पर सुरक्षित पाया गया। डेविस ने इसे अपने करियर का सबसे भयानक हादसा बताते हुए कहा, “यह दृश्य किसी नरक से कम नहीं है।”

उन्होंने बताया कि कुछ परिवारों से अभी तक संपर्क नहीं हो सका है। प्रशासन मोबाइल फोन डेटा का उपयोग कर कर्मचारियों की लोकेशन का पता लगाने की कोशिश कर रहा है।

जांच में जुटीं कई टीमें

विस्फोट के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। स्थानीय पुलिस के साथ-साथ FBI और ATF (Bureau of Alcohol, Tobacco, Firearms and Explosives) की टीमें जांच में जुटी हैं। अधिकारियों के अनुसार, जांच और बचाव कार्य पूरे सप्ताहांत तक जारी रहेंगे। ATF की राष्ट्रीय प्रतिक्रिया टीम शनिवार को घटनास्थल पर पहुंचेगी।