विधायक ने पल्स पोलियो अभियान की रैली को दिखायी हरी झंडी

जिले के 1 लाख 68 हजार 416 बच्चों को दी जाएगी पोलियो की खुराक

बैतूल: राष्ट्रीय सघन पल्स-पोलियो अभियान के तहत 12 अक्टूबर को 0 से 5 वर्ष तक की आयु के बच्चों को सभी बुथों पर पोलियो की खुराक दी जाएगी। जिसकी जागरूकता के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा 11 अक्टूबर को आयोजित रैली को विधायक हेमंत खंडेलवाल द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया रवाना किया गया। रैली कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से प्रारंभ होकर अम्बेडकर चौक, पेट्रोल पंप, बस स्टैंड, लल्ली चौक से होते हुए नगर पालिका परिसर पहुंची, जहां रैली का समापन किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य विधायक प्रतिनिधि डॉ अशोक बारंगा की उपस्थिति रही। विधायक हेमंत खंडलेवाल ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि भारत से पोलियो जैसी बीमारी से हम सम्पूर्ण निजात पा चुके हैं, किन्तु विश्व के कुछ भागों एवं हमारे कुछ पडोसी देशों में अभी भी वाइल्ड पोलियो वायरस का संक्रमण जारी है, जिससे खतरा बना हुआ रहता है। भारत सरकार द्वारा इसको दृष्टिगत रखते हुये मध्यप्रदेश के चयनित 18 जिलों में एक अतिरिक्त पल्स पोलियो अभियान का चरण 12 अक्टूबर 2025 को रखा गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मनोज कुमार हुरमाड़े ने बताया कि राष्ट्रीय पल्स-पोलियों अभियान का शुभारंभ 12 अक्टूबर 2025 को जिला चिकित्सालय बैतूल के एमसीएच भवन में प्रात: 8 बजे किया जाएगा। सीएमएचओ डॉ मनोज

कुमार हुरमाडे ने जानकारी देते हुए कि प्रथम दिवस, बूथ पर एवं दूसरे एवं तीसरे दिन 13 और 14 अक्टूबर 2025 को घर-घर 0 से 5 वर्ष तक की आयु के बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी, जिले में 0 से 5 वर्ष तक के अनुमानित कुल 1 लाख 68 हजार 416 बच्चों को पोलियों की खुराक दी जाएगी। शहरी क्षेत्र में 226 एवं ग्रामीण क्षेत्र में 1683 कुल 1909, ट्रांजिट बूथ 29 एवं 6 मोबाइल टीम इस प्रकार कुल 2018 टीकाकरण बूथ बनाये गये हैं। उन्होंने बताया कि बस स्टेण्ड, रेल्वे स्टेशन, जिले के क्रासिंग पाईंटों में 88 बूथ बनाकर दवा पिलाई जायेगी। साथ ही जिले में हाई रिस्क एरिया, ईंट भट्टे, निर्माण स्थल, मेले, झुग्गी-झोपडी, घुमक्कड़ आबादी स्थल को भी चिन्हित कर 21 मोबाइल टीमों के द्वारा पोलियो की दवा पिलाने का कार्य किया जाएगा। रैली में सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ जगदीश घोरे, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ राजेश परिहार, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ प्रांजल उपाध्याय आदि उपस्थित रहे।