भारतीय रेल से यात्रा करने वाले करोड़ों यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है. 1 जुलाई 2025 से भारतीय रेलवे अपना नया किराया टैरिफ लागू करने जा रही है, जिसका सीधा असर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों की जेब पर पड़ेगा. हालांकि, कुछ श्रेणियों के किराए में कोई बदलाव नहीं किया गया है, जिससे यात्रियों को आंशिक राहत मिलेगी.
कौन-कौन सी श्रेणियां होंगी प्रभावित?
रेलवे द्वारा जारी नए टैरिफ के अनुसार, सामान्य द्वितीय श्रेणी (Second Class) में 500 किलोमीटर तक की यात्रा के किराए में कोई बढ़ोतरी नहीं होगी. लेकिन, यदि आपकी यात्रा 500 किलोमीटर से अधिक की है, तो आपको प्रति किलोमीटर आधा पैसा अतिरिक्त चुकाना होगा.
इसी तरह, मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों (नॉन-एसी) में सफर करने वाले यात्रियों को अब प्रति किलोमीटर 1 पैसा ज्यादा देना होगा. वहीं, एसी क्लास के टिकटों में सबसे बड़ा बदलाव किया गया है, जिसमें प्रति किलोमीटर 2 पैसे की बढ़ोतरी की गई है.
इन यात्रियों को मिलेगी राहत
राहत की बात यह है कि शहरी (Suburban) ट्रेनों के किराए में कोई बदलाव नहीं किया गया है, जिससे लाखों दैनिक यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी. इसके अतिरिक्त, मासिक सीजन टिकट (MST) की दरों में भी कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है.
टिकट बुकिंग के नियमों में भी बदलाव की तैयारी
किराया वृद्धि के साथ-साथ, भारतीय रेलवे टिकट बुकिंग के नियमों में भी बदलाव करने की तैयारी कर रहा है. अब तक यात्रियों को अक्सर अपनी यात्रा से केवल चार घंटे पहले ही पता चल पाता था कि उनका टिकट कन्फर्म हुआ है या नहीं. लेकिन, रेलवे अब एक नए सिस्टम पर काम कर रहा है, जिसके तहत कन्फर्म सीटों वाला चार्ट यात्रा से 24 घंटे पहले जारी कर दिया जाएगा.
रेलवे ने इस नए टिकट बुकिंग सिस्टम के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं और इसका परीक्षण भी चल रहा है. 6 जून से इसे राजस्थान के बीकानेर डिवीजन में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू किया गया है, जो फिलहाल एक ट्रेन तक ही सीमित है. रेलवे अधिकारियों का कहना है कि अब तक इस सिस्टम में किसी तरह की कोई समस्या नहीं आई है और इसे कुछ हफ्तों तक आजमाया जाएगा. यह बदलाव यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बनाने में अधिक सुविधा प्रदान करेगा.