मध्य प्रदेश में बदलेगा मौसम का मिजाज, अगले चार दिनों तक भारी बारिश के आसार

बारिश मानसून

Heavy rain expected in MP for next four days: मध्य प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है और आगामी 48 घंटों के दौरान राज्य के कई जिलों में भारी से अति भारी वर्षा होने की चेतावनी मौसम विभाग ने जारी की है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), भोपाल केंद्र ने बताया कि शाजापुर, बालाघाट, अशोकनगर, शिवपुरी, पांढुणा और राजगढ़ में अति भारी बारिश हो सकती है, जबकि भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, कटनी, रीवा, शहडोल समेत 40 से अधिक जिलों में झमाझम बारिश के साथ 30-40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।

तेज बारिश से बिगड़ सकती है व्यवस्था

विभाग के अनुसार कराहल (122.6 मिमी), कोलारस (115.0 मिमी), और श्योपुर (94.2 मिमी) जैसे कई स्थानों पर पिछले 24 घंटों में भारी बारिश दर्ज की गई है। बारिश की गति को देखते हुए निचले इलाकों में जलभराव, यातायात बाधित होने और बिजली गिरने जैसे खतरे भी बने रहेंगे।

मौसमीय तंत्र सक्रिय

विभाग ने बताया कि मानसून की उत्तर सीमा अब राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा होते हुए पंजाब तक पहुंच गई है। साथ ही दक्षिण झारखंड और बंगाल की खाड़ी क्षेत्र में चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जिससे व्यापक वर्षा की स्थिति बन रही है। ऐसे में आने वाले चार दिनों तक मौसम तंंत्र सक्रिय रहेगा और भोपाल इंदौर समेत कई जिलों में संभावित क्षेत्रों में भारी बारिश होगी।

सावधानी की अपील

मौसम विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे मौसम से जुड़ी अपडेट्स पर ध्यान रखें और अनावश्यक यात्रा से बचें। बिजली गिरने की संभावना के चलते खुले क्षेत्रों और पेड़ों के नीचे रुकने से परहेज करें।

किसानों के लिए विशेष सलाह

किसानों को सलाह दी गई है कि भारी बारिश के दौरान उर्वरक या कीटनाशकों का छिड़काव न करें, और सोयाबीन या मक्का जैसी खरीफ फसलों की बुवाई फिलहाल टाल दें। नवबोई गई फसलों को पुआल या शेड नेट से ढकने की भी सलाह दी गई है। पशुओं को सुरक्षित और सूखे शेड में रखने की हिदायत दी गई है। IMD ने राज्य के नागरिकों और प्रशासन को सतर्क रहने तथा सभी सुरक्षा उपाय अपनाने की अपील की है।