कपिल-अमित साहू की लक्ष्मीनगर कॉलोनी की जांच जारी, प्लाट खरीदने पर फसेंगे ग्राहक

सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का मामला, रेरा और टीएंडसीपी अनुमति भी नही

अशोकनगर: धनतेरस और दीपावली जैसे बड़े त्यौहार पर यदि आप शहर में घर बनाने के लिए भूखंड खरीदने की प्लानिंग कर रहे हैं तो प्लॉट खरीदने से पहले अच्छी तरह से सोच विचार और जांच पड़ताल के बाद ही प्लॉट खरीदें। दरअसल शहर में कई बिल्डर बिना रेरा में पंजीयन कराएं प्लॉट बेच रहे हैं। ऐसी ही एक कॉलोनी मगरदा क्षेत्र में लक्ष्मीनगर कॉलोनी के नाम से काटी जा रही है। उक्त कॉलोनी कपिल साहू और अमित साहू पुत्रगण प्रकाश साहू द्वारा विकसित की गई है। हालांकि कालोनी में विकास के नाम पर न तो पार्क बनाया गया है और न ही अन्य जरूरी सुविधाएं हैं। यहीं नहीं इस कॉलोनी को लेकर प्रशासन को शिकायत की गई थी जिसकी प्रशासन द्वारा जांच की जा रही है। ऐसे में यदि जांच में उक्त कॉलोनी में गड़बड़ियां पाई जाती हैं तो ग्राहकों की जमा पूंजी लूटने का डर है। इसलिए इस कॉलोनी में प्लॉट खरीदने से पहले सावधान रहे। अन्यथा आप की जीवन भर की कमाई आपके एक गलत फैसले से आप गंवा सकते हैं। लक्ष्मीनगर कालोनी की चल रही दो तरह की जांचें लक्ष्मीनगर कालोनी के मामले में शिकायत मिली थी कि उक्त कालोनी जिस सर्वे नंबर में काटी जा रही है वह जिल्द बंदोबस्त में शासकीय भूमि दर्ज है। इस मामले में एसडीएम के निर्देश पर जांच दल द्वारा जांच की जा रही है। इसके अलावा कालोनी की जांच अलग से भी की जा रही है। ऐसे में यदि जांच में उक्त कालोनी में गड़बड़ियां पाई जाती हैं तो कार्यवाही होना तय है जिसका खामियाजा कालोनी में प्लाट खरीदने वाले ग्राहकों को भी उठाना पड़ सकता है।

शिकायत में की इन बिंदुओं की जांच की मांग

जनसुनवाई में लक्ष्मीनगर कालोनी की शिकायत 22 अप्रैल 2025 और 6 मई 2025 को शिकायत की गई थी। शिकायत में बताया गया था कि कालोनाइजर द्वारा रेरा कानून के अंतर्गत किसी भी नियम का पालन नहीं किया जा रहा है। न कोई एनओसी ली और न परमीशन ली। जिल्द बंदोबस्त में शासकीय भूमि दर्ज है।

बल्डर अमित ने पहले कहा-बाहर हूं, भैया से बात कर लो।

इस संबंध में लक्ष्मीनगर कालोनी में ग्राहकों को प्लाट बेचने वाले बिल्डर अमित साहू से उनका पक्ष जानने के लिए जब उनसे मोबाइल पर संपर्क किया तो पहले तो उन्होंने कहा कि मैं बाहर हूं आप कपिल भैया से बात कर लो। जैसे ही उनसे लक्ष्मीनगर कालोनी पर अपना पक्ष रखने को कहा तो उन्होंने ये कहकर कि बाहर हूं कॉल डिस-कनेक्ट कर दिया। बाद में उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।