भारत आए तालिबान के विदेश मंत्री, उधर पाक ने काबुल में किया हमला

अफगानिस्तान की राजधानी काबुल गुरुवार रात शक्तिशाली धमाकों से दहल उठी। बताया जा रहा है कि पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने कथित तौर पर शहर के अंदर तहरीक-ए- तालिबान पाकिस्तान (TTP) के नेता नूर वली महसूद को निशाना बनाकर एयर स्ट्राइक की। पाकिस्तानी रक्षा सूत्रों ने दावा किया है कि हमले में टीटीपी सरगना को निशाना बनाया गया है। अफगान अधिकारियों के हवाले से बताया कि अब्दुल हक चौराहे के पास जोरदार विस्फोट की आवाज सुनी गई, जहां एक लैंड क्रूजर वाहन को निशाना बनाया गया। अफगान मीडिया आउटलेट टोलो न्यूज ने स्थानीय निवासियों के हवाले से बताया कि घटना के बाद अब्दुल हक चौराहे को बंद कर दिया गया।

यह हमला ऐसे समय में हुआ है, जब गुरुवार को अफगानिस्तान के कार्यवाहक विदेश मंत्री अमीर खान मुत्ताकी एक सप्ताह के भारत दौरे पर दिल्ली पहुंचे हैं। मुत्ताकी को भारत दौरे के लिए संयुक्त राष्ट्र की प्रतिबंध समिति से छूट दी गई है। उनका ये दौरा बहुत खास माना जा रहा है। इस बीच एक कथित तौर पर टीटीपी सरगना नूर वली खान आॅडियो सामने आया है, जिसमें दावा किया गया है कि वो सुरक्षित हैं।