10 करोड़ से डवलपमेंट, कोलार सिक्सलेन में ग्रीनरी पर अवैध होर्डिंग का ग्रहण्

भोपाल: राजधानी के सबसे बड़े कोलार सिक्सलेन सीसी सड़क के सेंट्रल वर्ज में नगर निगम द्वारा करीब 10 करोड़ रुपए की लागत से हरियाली बढ़ाने का अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत सड़क के मध्य भाग में सैकड़ों पौधे लगाए जा रहे हैं, ताकि क्षेत्र का सौंदर्य बढ़े और प्रदूषण में कमी आए। लेकिन सेंट्रल वर्ज पर लगे पौधे अब नेताओं और संगठनों के अवैध बैनर-पोस्टरों की भेंट चढ़ते जा रहे हैं। स्थानीय स्तर पर छोटे-बड़े आयोजनों और जन्मदिन की बधाइयों के नाम पर भाजपा के छुटभैया नेता व उनके समर्थक यहां खंभों, रेलिंग और पौधों पर बैनर-पोस्टर टांग देते हैं। इससे न केवल हरियाली को नुकसान हो रहा है, बल्कि क्षेत्र की सुंदरता भी बिगड़ रही है। भारी-भरकम लोहे के होर्डिंग-बैनर छोटे-छोटे पौधों पर गिरकर उन्हें नुकसान पहुंचा रहे हैं।

करीब दो साल पहले सड़क निर्माण के दौरान विधायक रामेश्वर शर्मा ने निगम अफसरों के साथ निरीक्षण कर निर्देश दिए थे कि कोलार सिक्सलेन सड़क पर विज्ञापन को लेकर अलग से होर्डिंग नीति बनाएं। लेकिन अब तक इस संबंध में निगम प्रशासन ने कोई काम नहीं किया। वहीं, हाल ही में एक आयोजन में विधायक शर्मा ने इस मामले में नसीहत दी थी, लेकिन यहां के स्थानीय नेता अपने ही नेता की बातें दरकिनार करते नजर आ रहे हैं।

हरे-भरे पौधे पर गिर रहे होर्डिंग्स

इन होर्डिंग्स और बैनरों के कारण पौधों को पर्याप्त धूप और हवा नहीं मिल पा रही है, जिससे उनकी वृद्धि प्रभावित हो रही है। कई स्थानों पर तो होर्डिंग लगाने के दौरान पौधों को नुकसान भी पहुंचाया जा रहा है। स्थानीय रहवासियों ने इस पर नाराजगी जताई है और निगम से सख्त कार्रवाई की मांग की है। सेंट्रल वर्ज में किसी भी प्रकार का निजी प्रचार-प्रसार पूरी तरह प्रतिबंधित है। ऐसे में करोड़ों के विकास कार्यों को बचाने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को तत्काल सख्ती दिखानी चाहिए।