भारत की सर्वोच्च न्यायालय ने सरकारी भर्तियों में आरक्षण नीति को लेकर एक महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है, जो आने वाली सभी नियुक्तियों की प्रक्रिया को प्रभावित करेगा। शीर्ष अदालत ने स्पष्ट किया है कि सामान्य या ओपन श्रेणी की सीटें किसी खास वर्ग के लिए आरक्षित नहीं हैं, बल्कि ये पूरी तरह योग्यता के आधार पर सभी के लिए खुली हैं।
न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता और न्यायमूर्ति ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह की पीठ ने कहा कि यदि कोई आरक्षित वर्ग (एससी, एसटी, ओबीसी या ईडब्ल्यूएस) का उम्मीदवार बिना किसी छूट या रियायत का लाभ लिए सामान्य श्रेणी के कट-ऑफ से ज्यादा अंक प्राप्त करता है, तो उसे ओपन कैटेगरी की सीटों पर विचार किया जाना चाहिए। अदालत ने जोर दिया कि ओपन श्रेणी में जाति या वर्ग की कोई बाधा नहीं होनी चाहिए; यहां केवल मेरिट ही निर्णायक है।
अदालत ने उन तर्कों को सिरे से खारिज कर दिया जिनमें कहा जाता था कि आरक्षित वर्ग के उम्मीदवार को सामान्य सीट देना उन्हें दोहरा लाभ पहुंचाना है। पीठ का मत था कि योग्यता पर मिली सफलता को अतिरिक्त फायदा नहीं माना जा सकता। यदि मेधावी उम्मीदवारों को उनकी श्रेणी में ही बांध दिया जाए, तो यह समानता के अधिकारों का उल्लंघन होगा और प्रतिभा का अपमान होगा। आवेदन में श्रेणी का जिक्र केवल आरक्षण दावे के लिए है, न कि मेरिट वाली सीट से वंचित करने के लिए।
यह स्पष्टता राजस्थान हाईकोर्ट में जूनियर ज्यूडिशियल असिस्टेंट और क्लर्क ग्रेड-दो की भर्ती से जुड़े मामले में आई। यहां कई आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों ने सामान्य कट-ऑफ से बेहतर अंक हासिल किए थे, लेकिन उन्हें ओपन लिस्ट से बाहर रखा गया। राजस्थान हाईकोर्ट ने इस प्रक्रिया को गलत ठहराया और सुप्रीम कोर्ट ने उस फैसले को बरकरार रखते हुए अपीलें खारिज कर दीं।
अदालत ने निर्देश दिया कि भर्ती के हर चरण में, जैसे शॉर्टलिस्टिंग या इंटरव्यू में, पहले सभी उम्मीदवारों को मेरिट के आधार पर सामान्य सूची में शामिल किया जाए। उसके बाद ही आरक्षित सूचियां तैयार की जाएं, जिसमें पहले से सामान्य में चुने गए उम्मीदवारों को बाहर रखा जाए।
इस निर्णय के व्यापक असर होंगे। सामान्य श्रेणी में प्रतियोगिता और तेज होगी, जबकि वंचित वर्गों के योग्य युवाओं को अपनी क्षमता के अनुरूप बेहतर अवसर मिलेंगे। यह फैसला निष्पक्षता और पारदर्शिता पर आधारित चयन व्यवस्था को मजबूत बनाता है, जहां योग्यता को जातिगत बंधनों से मुक्त रखा जाएगा।