रीवा में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने 4 लोगों को कुचला, मौके पर मौत

रीवा, मध्य प्रदेश। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में छत्तीसगढ़ के दुर्ग पासिंग एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क पार कर रहे दो बच्चियों समेत चार लोगों को कुचल दिया। यह दर्दनाक हादसा रीवा के गढ़ थाना क्षेत्र में हुआ, जिसमें सभी चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक चार लोगों में से तीन व्यक्ति एक ही परिवार के थे।

 तीन शव सड़क पर बिखरे, एक 30 फीट दूर जा गिरा

हादसा इतना भयंकर था कि मरने वालों में शामिल रामनरेश साकेत, रुचि साकेत (रामनरेश की बेटी), रचना साकेत (रामनरेश के भाई की बेटी) और कमलेश सिंह शामिल हैं। टक्कर के कारण शव क्षत-विक्षत हो गए।

टक्कर इतनी ज़बरदस्त थी कि स्कॉर्पियो एक बिजली के खंभे से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई और खंभा टूटकर सड़क किनारे गिर गया। तीन लोगों के शव सड़क पर दूर-दूर बिखरे पड़े थे, जबकि एक व्यक्ति का शव टक्कर के बाद उछलकर एक्सीडेंट स्पॉट से 20-30 फीट दूर खेत में जा गिरा। हादसे में सुलेखा साकेत और सौम्या साकेत भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है।

 आरोपी गाड़ी छोड़कर भागे, हाईवे पर लंबा जाम

यह दुर्घटना 9 नवंबर को शाम करीब 4 बजे हुई। जानकारी के मुताबिक, दुर्ग (भिलाई) निवासी बृजेंद्र सिंह का साला और साढ़ू का बेटा यह स्कॉर्पियो (CG07CS7987) लेकर कानपुर जा रहे थे, जहाँ उनके साढ़ू आईसीयू में भर्ती हैं।

तेज रफ्तार से आ रही स्कॉर्पियो ने सड़क पार कर रहे लोगों को टक्कर मार दी। हादसा होते ही स्कॉर्पियो के एयरबैग खुल गए, जिससे ड्राइवर और उसमें सवार युवक की जान बच गई। हादसे के तुरंत बाद दोनों युवक गाड़ी छोड़कर मौके से भाग निकले।

हादसे के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया और रीवा-प्रयागराज हाईवे पर चक्काजाम कर दिया, जिससे काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही।

आक्रोशित परिजनों को मिली आर्थिक सहायता

गुस्साए परिजन और ग्रामीणों ने रविवार रात को भी 45 मिनट तक चक्काजाम किया, जिससे पुलिस प्रशासन को जाम खुलवाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। एसडीएम संजय जैन, डीएसपी प्रतिभा शर्मा, और सोहागी थाना प्रभारी सहित पूरा पुलिस अमला मौके पर पहुंचा।

प्रशासन ने आक्रोशित परिजनों को शांत करने के लिए रेड क्रॉस के माध्यम से 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता राशि दिलवाई। पुलिस ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और उनकी तलाश जारी है। मृतकों के शवों का पोस्टमॉर्टम सोमवार को करने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।

कलेक्टर प्रतिभा पाल, कमिश्नर बीएस जामोद और एसपी शैलेंद्र सिंह ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।