हैंडओवर को लेकर उलझे 2 विभाग: मामा’ पार्क के लिए स्मार्ट सिटी के पास फंड नहीं, ITOU देखेगी शिवराज का प्लांटेशन

Smart Park Funds: चौराहे तक स्मार्ट रोड पर जज कॉलोनी के पास बना स्मार्ट पार्क फेस-1 का निर्माण करीब 5 साल पहले हुआ था। इस पार्क को केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का सपना भी कहा जाता है। सीएम रहते वे यहां पर रोजाना पौधरोपण करके ही अपने दिन की शुरुआत करते थे, लेकिन अब इस पार्क का रखरखाव नहीं होने के कारण यह बदहाल हो रहा है। इसके पीछे वजह हैंडओवर प्रक्रिया बताई जा रही है, लेकिन निगम के अफसरों का दावा है कि अब तक उनके पास इस संबंध में लिखित में कोई फाइल ही नहीं पहुंची है। ऐसे में करीब डेढ़ करोड़ की लागत से बने इस को लेकर स्मार्ट सिटी प्रबंधन और नगर निगम प्रशासन आमने-सामने है।

स्मार्ट पार्क की स्थिति

आए दिन ताला बंद होने से मॉर्निंग वॉक करने वाले बाउंड्रीवॉल फांदकर आ-जा रहे हैं। वहीं, इसका रखरखाव और देखरेख नहीं होने से शाम से ही यहां पर असामाजिक तत्व आकर शराब पीने बैठ जाते हैं। ग्रेनाइट मार्बल और पेबर ब्लॉक कमजोर होकर उखड़ने लगे हैं। वहीं, एक फाउंटेन भी बनाया गया था, लेकिन वह भी बदहाल पड़ा है। इसके हौज में न मोटर लगी है, न ही पाइप। इसमें कचरा और पानी भरा हुआ है। इस कारण यहां आने वाले रोजाना सैकड़ों सैलानी और पर्यटक खासे नाराज हैं।

हैंडओवर करने स्मार्ट सिटी ने जनवरी में भी भेजा था पत्र

वर्तमान में यह पार्क एक अच्छे और सुंदर स्वरूप में आ गया है, जिसकी देखरेख अभी स्मार्ट सिटी प्रबंध कर रहा था। विभागीय सूत्रों की माने तो स्मार्ट सिटी ने जनवरी, 2025 में हैंडओवर के लिए पत्र निगम को भेजा था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। अभी कुछ दिनों पहले भी स्मार्ट सिटी प्रबंधन ने दोबारा निगम प्रशासन को हैंडओवर करने के लिए पत्र भेजा है। स्मार्ट सिटी के अधिकारियों के अनुसार उन्हें पार्क के रखरखाव के लिए फंड नहीं मिलता, रखरखाव नहीं होने से पार्क की हालत खराब हो सकती है। पार्क में सभी व्यवस्थाएं हैं, लेकिन सबसे जरूरी टॉयलेट नहीं है।