भोपाल में नए विधायक विश्राम गृह का भूमिपूजन, ₹159.13 करोड़ की लागत से बनेगा आधुनिक भवन

New MLA Rest House in Bhopal: राजधानी भोपाल में अब विधायकों के लिए एक नया और आधुनिक विधायक विश्राम गृह तैयार होने जा रहा है. आज, सोमवार को इस नए विश्राम गृह के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन यादव और विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर उपस्थित रहे. लगभग 159.13 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से निर्मित होने वाला यह नया विश्राम गृह पुराने और जर्जर हो चुके भवन के स्थान पर बनेगा.

67 साल पुराना भवन हो चुका था जर्जर

वर्तमान विधायक विश्राम गृह, जिसका निर्माण 1958 में अरेरा हिल्स पर हुआ था, लगभग 67 वर्ष पुराना हो चुका है. बरसात के दिनों में इसमें पानी टपकने और प्लास्टर झड़ने जैसी समस्याएं आम थीं, जिससे विधायकों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा था. राज्य सरकार ने इस पुराने भवन में आवश्यक सुविधाओं की कमी को देखते हुए, लगभग दस महीने पहले 102 नए फ्लैट्स बनाने का निर्णय लिया था.

अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे नए फ्लैट्स

नए फ्लैट्स उसी स्थान पर बनाए जाएंगे जहां अभी पुराना पारिवारिक खंड और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स स्थित है. बताया जा रहा है कि प्रत्येक फ्लैट लगभग 2600 वर्गफुट का होगा, जिसमें तीन बेडरूम, ड्राइंग रूम, किचन, वॉशरूम, कार्यालय, निजी स्टाफ और सुरक्षा गार्ड (PSO) के लिए अलग कक्ष शामिल होंगे. सभी बेडरूम फर्नीचर सहित तैयार किए जाएंगे, जिससे विधायकों को रहने में अधिकतम सुविधा मिल सके.

पांच बहुमंजिला ब्लॉक्स में बनेगा नया विश्राम गृह

नवनिर्मित विश्राम गृह में कुल 5 ब्लॉक्स बनाए जाएंगे और प्रत्येक ब्लॉक 10 मंजिला होगा. इस परियोजना में कुल 102 नए फ्लैट्स शामिल होंगे. विश्राम गृह के निर्माण में प्राकृतिक रोशनी, हवा और हरियाली का विशेष ध्यान रखा जाएगा. इसके अतिरिक्त, परिसर में सोलर एनर्जी का भी उपयोग किया जाएगा, जो इसे पर्यावरण के अनुकूल बनाएगा. निर्माण कार्य के दौरान यदि किसी पेड़ को हटाना पड़ा, तो उसे दूसरी जगह शिफ्ट किया जाएगा, जिससे हरियाली को नुकसान न पहुंचे.