इंदौर: दिल्ली से इंदौर आ रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट को शुक्रवार सुबह इंदौर एयरपोर्ट पर आपातकालीन स्थिति में उतारना पड़ा। बताया जा रहा है कि उड़ान भरने के कुछ समय बाद ही पायलट को विमान के इंजन में तकनीकी खराबी का पता चला, जिसके बाद उसने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी जानकारी दी। विमान में कुल 161 यात्री सवार थे, जिन्हें सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
ATC को सूचना मिलते ही इंदौर एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया। आनन-फानन में फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और CISF की टीमों को रनवे पर तैनात कर दिया गया। विमान संख्या IX-1028 को सुबह 9:54 बजे सुरक्षित तरीके से रनवे पर उतारा गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल, एयरलाइन की तकनीकी टीम विमान में आई खराबी की जांच कर रही है।
कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि लैंडिंग से ठीक पहले विमान का एक इंजन बंद हो गया था, हालांकि इसकी अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वापसी की फ्लाइट रद्द
इंजन में आई खराबी के कारण यही विमान यात्रियों को लेकर वापस दिल्ली नहीं जा सका। वापसी की उड़ान संख्या IX 1029, जो सुबह 10:05 बजे इंदौर से दिल्ली जाती है, उसे रद्द कर दिया गया है।
गौरतलब है कि इसी साल जून महीने में एयर इंडिया का ही एक विमान अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। अहमदाबाद से लंदन जा रहे उस विमान में सिर्फ एक यात्री की जान बच पाई थी, जिसने एयरलाइन की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठाए थे।