मावा, पनीर, दही और घी के लिए सैंपल, जांच लगातार जारी

त्यौहारी सीजन में उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर अंशुल गुप्ता के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा जिले में मावा एवं दुग्ध उत्पाद विक्रेताओं की दुकानों का निरीक्षण किया गया।

मुख्यालय खाद्य सुरक्षा अधिकारी एडलिन ई. पन्ना ने सोमवार को तिलक चौक स्थित गुरुकृपा दुकान, निकासा रोड दुबे मार्केट स्थित नित्या ट्रेडर्स, माधवगंज स्थित शर्मा मावा विक्रेता एवं श्याम डेयरी, साथ ही बाल विहार स्थित शर्मा ड्राई फ्रूट सहित कई दुकानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नित्या ट्रेडर्स से मावा एवं पनीर के नमूने तथा श्याम डेयरी से मावा, पनीर, दही एवं घी के नमूने जांच हेतु एकत्रित किए गए। ये सभी नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला को जांच हेतु भेजे जा रहे हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने सभी खाद्य कारोबारियों को सख्त निर्देश दिए कि कोई भी मिलावटी अथवा नकली मावा का विक्रय न करें तथा अपने प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखें। उन्होंने चेतावनी दी कि मिलावट पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।