शुभांशु शुक्ला सहित Ax-4 मिशन ISS के लिए रवाना होने पर PM मोदी ने दी शुभकामनाएं

PM Modi congratulates Shubhanshu Shukla: भारत के लिए अंतरिक्ष अन्वेषण के क्षेत्र में आज एक ऐतिहासिक दिन है! भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने एक्सिओम-4 (Ax-4) मिशन के तहत कैनेडी स्पेस सेंटर से सफलतापूर्वक उड़ान भर ली है. उनके साथ तीन अन्य अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष यात्री भ इस महत्वपूर्ण मिशन का हिस्सा हैं. इस उड़ान के साथ ही शुभांशु शुक्ला अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पहुंचने वाले पहले भारतीय बनने की दिशा में आगे बढ़ गए हैं, जिसने पूरे देश को गर्व से भर दिया है.

अंतरिक्ष में पहुँचते ही शुभांशु शुक्ला ने देश के लिए अपना पहला संदेश भेजा, जो भारतीय नागरिकों की उम्मीदों और आकांक्षाओं का प्रतीक बन गया है.

प्रधानमंत्री मोदी ने दी खास शुभकामनाएं: “1.4 बिलियन भारतीयों की इच्छाएं लेकर गए हैं शुभांशु”

इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर, देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शुभांशु शुक्ला और अन्य सभी अंतरिक्ष यात्रियों को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिए अपनी खुशी व्यक्त की और मिशन की सफलता का स्वागत किया.

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पोस्ट में लिखा, “हम भारत, हंगरी, पोलैंड और अमेरिका के अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर स्पेस मिशन के सफल लॉन्च का स्वागत करते हैं. भारतीय अंतरिक्ष यात्री, ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर जाने वाले पहले भारतीय बनने की राह पर हैं. वे अपने साथ 1.4 बिलियन भारतीयों की इच्छाएं, उम्मीदें और आकांक्षाएं लेकर गए हैं. उनके साथ सभी अंतरिक्ष यात्रियों को सफलता की शुभकामनाएँ!” प्रधानमंत्री का यह संदेश शुभांशु की उपलब्धि को राष्ट्रीय गौरव से जोड़ता है.

Ax-4 मिशन: नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर से सफल प्रक्षेपण

भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला और उनके तीन सह-अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर एक्सिओम-4 मिशन ने फ्लोरिडा स्थित नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर में कॉम्प्लेक्स 39ए से उड़ान भरी. यह मिशन एक्सिओम स्पेस के एक व्यापक कार्यक्रम का हिस्सा है, जिसके तहत निजी अंतरिक्ष यात्री अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की यात्रा पर जा रहे हैं.

सफल लॉन्चिंग के बाद, अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से मिशन की जानकारी साझा की. नासा ने अपने ‘एक्स’ हैंडल पर लिखा, “हमने एक्सिओम मिशन 4 की उड़ान भरी है. एक्स-4 मिशन 25 जून को सुबह 2:31 बजे (भारतीय समयानुसार, दोपहर 12:01 बजे) पर लॉन्च कॉम्प्लेक्स 39ए से उड़ान भर गया, जिसमें चार निजी अंतरिक्ष यात्री 14 दिनों तक के मिशन के लिए स्पेस स्टेशन पर गए.” यह मिशन अगले दो हफ्तों तक अंतरिक्ष स्टेशन पर कई महत्वपूर्ण वैज्ञानिक प्रयोगों और शोध कार्यों को अंजाम देगा, जिससे अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में नए द्वार खुलेंगे.